अमृतसर | गेट हकीमां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 युवक अवैध हथियारों संग पकड़े हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली थी कि मीराकोट निवासी लवप्रीत सिंह, सुरिंदरजीत सिंह और बोहड़ू गांव निवासी जतिनप्रीत सिंह अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बोहड़ू गांव के आसपास घूम रहे हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी की और एक मोटरसाइकिल पर सवार इन तीनों युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी पिस्तौल, 32 बोर की मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।


