नागौर जिला परिषद सभागार में 18वीं लोकसभा की पहली बार जिले की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों से परिचय के दौरान ही सांसद हनुमान बेनीवाल उखड़ गए। नागौर-अजमेर हाईवे 89 से जुड़े एनएच विभाग से सिर्फ एईएन के मीटिंग में पहुंचने पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा- केंद्र सरकार का विशेष फोकस होने के बावजूद अधिकारी दिशा की बैठक को लेकर सीरियस नहीं हैं। एक एईएन की कोई खास गंभीरता नहीं मानी जा सकती। इसके बाद सांसद हनुमान बेनीवाल ने दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा-बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के विभागों का आपसी तालमेल होना जरूरी है। यहां हुए निर्णयों की समय पर पालना होनी चाहिए। दुख की बात है कि जिले के विधायक इसमें हिस्सा नहीं लेते हैं। बेनीवाल ने कहा- सभी ईमानदारी से काम करें। आप पढ़ाई करके नाैकरी लगे हो, किसी के फाटक मत खोलो। जो अधिकारी गैरमौजूद हैं, उन्हें नोटिस भेजे जाएंगे सरकारी कार्यक्रमाें की सूचना सांसद- विधायक को न देने काे लेकर सांसद बेनीवाल ने कहा- केंद्र से जुड़े रेलवे, डाक जैसे विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति है, उन्हें नोटिस भिजवाए जाएंगे। पिछली बैठक की पालना में आज किसी भी मुद्दे पर बजट का अभाव बताना अच्छी बात नहीं है। सांसद बेनीवाल ने चिकित्सा, राजीविका मिशन, जलदाय, राजस्थान कौशल व आजीविका विकास निगम, सामाजिक न्याय व अधिकारिता, वन, रसद, श्रम, सूक्ष्म-लघु-मध्यम उद्याेग, स्वायत्त शासन, कृषि, राजस्थान रोडवेज, कृषि मंडी, परिवहन, सैनिक कल्याण, खनन, विद्युत, पीएम आवास योजना, लीड बैंक, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, सांभर साल्ट लिमिटेड, भारतीय कपास निगम, डाक सेवा, पंचायती राज, सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक, समेकित बाल विकास सेवा कार्यक्रम, महिला व बाल विकास, शिक्षा, उद्योग, रीको, वित्त व विकास सहकारी निगम, नाबार्ड, रेलवे, सिंचाई, सड़क, बीएसएनएल, कर्मचारी बीमा विकास निगम, पुलिस आदि विभागों के अधिकारियों के साथ 13 जुलाई 2023 को हुई दिशा बैठक के प्रस्तावों की पालना रिपोर्ट पर चर्चा की। साथ ही इन सभी विभागों की प्रोग्रेस रिपोर्ट की समीक्षा की। जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार ने पिछली बैठक और वर्तमान बैठक का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। सांसद हनुमान बेनीवाल ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश सांसद बेनीवाल ने बैठक में 28 एंबुलेंस के प्रस्ताव भिजवाने, जिला अस्पताल, उपजिला अस्पतालों व सभी सीएचसी पर लगे ऑक्सीजन प्लांट सुचारू करने, नागौर नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाने, एमसीएच विंग के नए भवन को लेकर 2 मुकदमों की जांच रिपोर्ट के लिए एसीबी डीजी को पत्र लिखने, सभी सरकारी अस्पतालों में 15 दिन के भीतर बायोमैट्रिक्स के जरिए उपस्थिति शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही एचएमपीवी वायरस को लेकर पूर्व तैयारी करने, चिकित्सा विभाग में गलत डेपुटेशन रद्द करने, बायोवेस्ट का उचित निस्तारण करवाने, बीकानेर फाटक आरओबी की ड्राइंग में छेड़छाड़ को लेकर सीबीआई में रिपोर्ट दर्ज करवाने, मानासर से विजय वल्लभ चौक तक अवैध कट बंद करवाने, डेगाना उपजिला अस्पताल के लिए पूरी 22 बीघा जमीन सुपुर्द करने के निर्देश दिए। सांसद बेनीवाल ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्राइवेट अस्पतालों के फर्जीवाड़े की 15 दिन में रिपोर्ट देने, राजीविका के तहत स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने, पेयजल टंकियों की सफाई करवाने, जल जीवन मिशन के तहत अधूरे काम को पूरा करवाने और गड्ढों को दोबारा भरने, नई टंकियों के प्रस्ताव भेजने, पेयजल सप्लाई सुचारू करवाने, जल जीवन मिशन की ठेकेदार कंपनी रामकी पर पैनल्टी लगाने की बात कही। साथ ही नागौर नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 में एक अतिरिक्त राशन की दुकान का प्रस्ताव लेने, राशन डीलरों का फर्जीवाड़ा बंद करने, एमएसएमई में रोजगार को बढ़ावा देने, स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव को अवैध पट्टे निरस्त करने व दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखने, नागौर शहर में सीवरेज फेज-2 का काम कर रही कंपनी जियोमिलर पर जुर्माना लगाने की बात की। इसके अलावा ओलावृष्टि व सर्दी में होने वाली अतिवृष्टि को फसली बीमा के लिए नुकसान की श्रेणी में शामिल करने समेत मौजूद सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और बेहतर ढंग से जनहित में काम करने की बात कही। बैठक की शुरुआत में सांसद हनुमान बेनीवाल, जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित और एएसपी सुमित कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष पुष्प अर्पित किए। बैठक में पहुंचने पर जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी व जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित ने सांसद हनुमान बेनीवाल का स्वागत किया।


