मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में पत्नी द्वारा छोड़े जाने से व्यथित एक युवक ने रविवार को ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। जीरापुर के झाड़मऊ निवासी बालमुकुंद वर्मा ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उन्होंने अपनी मौत का कारण बताया। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया है। वीडियो में बालमुकुंद ने बताया कि उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है। उन्होंने अपने साथ हुए अन्याय का जिक्र करते हुए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद से न्याय की गुहार लगाई। रविवार शाम को वीडियो अपलोड करने के तुरंत बाद वह रेलवे ट्रैक पर आ रही ट्रेन के सामने कूद गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को उसकी माैत हो गई। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के परिजनों ने बताया कि पत्नी के व्यवहार से वह काफी समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुल पर बनाया वीडियो, ट्रेन के सामने कूदा जानकारी के अनुसार युवक बालमुकुंद वर्मा जीरापुर के झाड़मऊ गांव का रहने वाला है। वह निजी स्कूल बस में हेल्पर था और अपनी पत्नी के साथ पचोर में रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिनों उसकी पत्नी किसी सुरेश नाम के व्यक्ति के साथ लसुडिया जाकर रहने लगी, जिसे उसने मनाना भी चाहा। लेकिन वह लौटकर नहीं आई। इसके बाद से ही वह दुखी रहता था। रविवार शाम को वह अपने घर बलबट पुरा कॉलोनी से बाइक से नेवज नदी के पुल पर गया। बाइक खड़ी कर उसने वीडियो बनाया। इसी दौरान इंदौर की ओर से आई इंदौर-कोटा ट्रेन से टकरा गया। ट्रेन पायलट ने हादसे की सूचना पचोर स्टेशन पर दी। ट्रेन से टकराकर नदी के पुल पर बने ट्रॉली गार्ड में गिर गया था। उसने मदद के लिए पुकारने के बजाए लगातार वीडियो शूट किया। अपने स्टेटस पर वीडियो डाला। पुलिस पहुंची तब बालमुकुंद नीचे गिरा हुआ था और पूरी तरह से भीग चुका था, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है, ट्रेन की टक्कर लगने के बाद भी जान बची तो आत्महत्या करने नदी में गिरा है। जिला अस्पताल में हुई मौत स्टेशन से मिली सूचना के बाद पचोर पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल को इलाज के लिए पचोर अस्पताल पहुंचाया। यहां से बालमुकुंद को राजगढ़ रेफर किया गया। ट्रेन की टक्कर से बायां पैर टूट गया था। सोमवार को ज्यादा खून बहने से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वीडियो में यह कहा जय भीम साहब…मैं आत्महत्या कर रहा हूं, मेरी पत्नी ने मेरी जिंदगी खराब कर दी। मेरी जमीन, प्लॉट और मेरी जायजाद को बिकवा दिया, अब वो मुझे छोड़ कर दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही है। इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हू़ं। मैं मरने वाला हूं, 5 मिनट में ट्रेन आ जाएगी। ज्यादा से ज्यादा इस वीडियो को चंद्रशेखर आजाद को शेयर करें, चंद्रशेखर को जय भीम, मेरी पत्नी ने मेरे साथ गद्दारी की है, मेरी पत्नी ने मुझे तलाक दे दिया और मेरे साथ मारपीट करवाई, उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई करें, जय भीम जांच के बाद होगी कार्रवाई मामले में पचोर थाना प्रभारी अभिलेष वर्मा ने बताया कि घायल बालमुकुंद को रविवार की शाम 7 बजे पचोर रेलवे ट्रैक के पास स्थित नेवज नदी में से उठाकर लाए थे। उसे पचोर सिविल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजगढ़ रेफर कर दिया था। सोमवार शाम को उसकी मौत जिला अस्पताल में हो गई थी। राजगढ़ पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम किया है। वहां से डायरी आने के बाद इस मामले आगे की विवेचना की जाएगी ।


