बोकारो | माराफारी थाना क्षेत्र की एक महिला ने एसपी को आदेवन देकर अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की सूचना देते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है। इस संबंध में पीड़िता ने बताया कि उसकी बेटी एक दिसंबर को करीब 3:30 बजे ट्यूशन पढ़ने गई थी, जो घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि परिजनों को आशंका है कि चंद्रपुरा का एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। महिला ने बताया कि वह गरीब परिवार से है और उसकी बेटी की सुरक्षा को लेकर वह बेहद चिंतित है। पिछले 10 दिनों से गायब है, लेकिन अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। उसने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करते हुए बेटी की खोजबीन कराने और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने संबंधित थाना को मामला दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


