नारायणगढ़ में दिनदहाड़े दो घरों में चोरी:सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के व नकदी ले गए बदमाश

मंदसौर जिले के नारायणगढ़ नगर में दिनदहाड़े दो घरों में चोरी हो गई। नगर के दीवाणिया मोहल्ला स्थित बंसीलाल प्रजापति और शीला चौहान के मकानों को मंगलवार शाम अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने दोनों मकानों से सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के तथा लगभग चार हजार रुपए नकद चुरा लिए। बताया जा रहा है कि बंसीलाल प्रजापति मिट्टी के बर्तन बनाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि शीला चौहान एक परित्यक्ता महिला हैं, जो मजदूरी कर अपने तीन बेटों की पढ़ाई-लिखाई और पालन-पोषण का खर्च उठाती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल बन रहा है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *