भास्कर न्यूज | मायलावास मायलावास में ग्राम पंचायत की अनदेखी के कारण गांव के विभिन्न मोहल्लों में नालियों की मरम्मत नहीं होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहने से रहवासीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने के कारण दिनभर सड़क पर पड़ा रहता है। जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने के दौरान भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर कई दिनों तक गंदे पानी के पड़े रहने से सड़कें खराब हो रही है। रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थिति भी खराब है। मायलावास के वार्ड 11 रेलवे स्टेशन पर गंदे पानी की निकासी के लिए नालियों की मरम्मत नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर ही जमा हो रहा हैं। ग्रामीण नारायणसिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत को कई बार अवगत करवाने के बाद भी पिछले 5 साल में एक बार भी दूषित पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नालियों के निर्माण की मांग की।


