रांची नगर निगम चुनाव की घोषणा इस माह होने की संभावना है। इसे देखते हुए डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिले की विधि-व्यवस्था बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव से पहले जिले का बॉर्डर सील किया जाएगा। आपराधिक छवि वालों पर पैनी निगाहे रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाएं। आपराधिक गतिविधियों पर हर हाल में रोक लगाएं। डीसी ने सभी बीडीओ-सीओ को अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति के साथ बैठक करने और समन्वय बनाकर काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करते हुए प्रशासनिक तैयारियां पूरी करें। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की भट्टी के खिलाफ उत्पाद विभाग को छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। डीसी ने आम लोगों से आग्रह किया कि कहीं पर अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिलती है तो अबुआ साथी के मोबाइल नंबर 9430328080 पर सूचना दें। गुड समेरिटन को प्रोत्साहित करने के लिए 7 लोग होंगे पुरस्कृत सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दुर्घटना में घायल को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए गुड समेरिटन (अच्छे नागरिक) योजना के तहत सिल्ली थाना क्षेत्र के तीन एवं मांडर थाना क्षेत्र के चार व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा। डीसी ने सभी अंचल और थाना स्तर पर गुड समेरिटन से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। डीसी ने रिंग रोड में सभी कट्स पर सीसीटीवी कैमरा लगाकर दुर्घटना पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अवैध खनन की जीपीएस मैपिंग करने के लिए कहा है।


