भास्कर न्यूज | अमृतसर डीसी साक्षी साहनी ने 10-10 किमी के दायरे में शहर की सड़कों को संवारने के लिए अफसरों को जिम्मेदारी सौंप दी है। डीसी ने खुद टाउन हॉल से दरबार साहिब तक की सड़क को गोद लिया है जिसकी वह खुद देखभाल करेंगी। डीसी ने बताया कि शहरों व कस्बों की सड़कों पर आने वाली समस्याओं को दूर करने तथा उन्हें सुरक्षित व सुंदर बनाने के लिए सीएम मान के नेतृत्व में यह फैसला लिया गया है। जिन अफसरों को सड़कें संवारने के लिए जिम्मेदारी दी गई है, वह रोजाना इन मुख्य सड़कों का दौरा करके रिपोर्ट देंगे। डीसी ने बताया कि अपने-अपने 10 किलोमीटर में अफसर सड़क रखरखाव, पौधारोपण, लाल बत्ती, चेकप्वाइंट, सूचना बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट आदि के लिए जिम्मेदार होंगे। ऐसे स्थानों की पहचान करेंगे, जहां सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस से तालमेल करके सुधार कराएंगे ताकि हादसों को रोका जा सके। पहले चरण के तहत जिले की 41 सड़कों को चिन्हित किया गया है। बाद में सड़कों की संख्या बढ़ाई जाएगी। निगम कमिश्नर हॉल गेट से टाउन हॉल तक सड़क का काम देखेंगे। एडीसी जनरल को क्रिस्टल चौक से ट्रिलियम मॉल तो एडीसी रुरल को सेलिब्रेशन मॉल से किचलू चौक तक की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह एडीसी ग्रामीण विकास को सेलिब्रेशन चौक से किचलू चौक, एडिश्नल कमिश्नर निगम को भंडारी पुल से गोबिंदगढ़ किला लोहगढ़ चौक, ज्वाइंट कमिश्नर निगम को भंडारी पुल से इंडिया गेट अतिरिक्त मुख्य प्रशासक पुडा को बस स्टैंड से श्री हरमंदिर साहिब, एसडीएम-1 को फतेहगढ़ चूड़ियां रोड से गुरु गोबिंद सिंह चौक, एसडीएम-2 को कपूर रोड से किचलू चौक और एडीसी शहरी विकास को कोर्ट रोड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर, ईओ पुडा, तहसीलदार, डीएफएससी, जिला मंडी बोर्ड अफसर, एक्स-ईएन डीईओ, जीएम रोडवेज, डीडीपीओ, डीआरओ, नगर परिषद ईओ, बीडीपीओ समेत अन्य विभागों के अफसरों ने सड़कें संवारने को गोद ले लिया है। इस पहल से शहर की सड़कों में सुधार देखने को मिलेगा जिससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी।


