भास्कर न्यूज | अमृतसर दाल मंडी के होलसेल दुकानदारों ने नगर निगम अधिकारियों से हरी राम एंड कंपनी (लली दा तबेला) द्वारा चलाए जा रहे पशुओं के तबेले को तत्काल हटाने की मांग की है। सीवरेज जाम होने की समस्या से त्रस्त दुकानदारों ने इस संबंध में निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख को एक लिखित शिकायत दी है। जगन ट्रेडर्स के मालिक जगनदीप सिंह, सहजप्रीत चड्डा, गुरप्रीत सिंह, राजीव कुमार, राजू गुड वालों और अन्य दुकानदारों ने बताया कि होलसेल मार्केट की गली में कंपनी के मालिक सचिन कुमार नामक व्यक्ति द्वारा यह तबेला चलाया जा रहा है, जहां गायों और अन्य पशुओं को रखा गया है। उनका आरोप है कि पशुओं का गोबर नालियों में मिल जाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम व प्रशासन ने डेयरी मालिकों को डेयरियां ऐसे बाजारों से बाहर फतेहपुर में ले जाने की हिदायत भी दी हुई है लेकिन तबेला मालिक के अडियल रवैये का नुकसान दुकानदारों व ग्राहकों को हो रहा है। तबेला मालिक यहां से तबेला ले जाने की बजाए सरेआम दुकानदारों को धमकियां देता है कि जहां मर्जी शिकायत करनी है कर दें उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। इसी बीच, सचिन ने कहा है कि दुकानदारों ने पहली बार उनसे मुलाकात कर शिकायत की है। उन्होंने कहा कि उनके पास तबेले के लिए अधिकृत लाइसेंस व मंजूरी हासिल है। दुकानदारों द्वारा तबेला हटाने के लिए दबाव डालते हुए नाजायज तंग किया जा रहा है।


