अलवर शहर के मालन की गली स्थित संतोषी माता मंदिर के सामने राधा-कृष्ण मंदिर में पुजारी द्वारा बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए रुकवा दिया। नगर निगम की ईओ निशा लखानी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और निर्माण सामग्री को जब्त कर नोटिस जारी किया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि मंदिर में रहने वाला रघुवीर स्वामी निजी स्वार्थ के चलते मंदिर की जमीन पर कब्जा कर दुकान बनाने की कोशिश कर रहा था। लोगों का कहना है कि यह संपत्ति पुजारी की निजी नहीं है, बल्कि मंदिर की है, जिसे वह बेचने की फिराक में है। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि वह किसी को मंदिर में पूजा-अर्चना करने नहीं देता और आए दिन गाली-गलौज करता रहता है। स्थानीय निवासी पूनम शर्मा ने बताया कि,मैं संतोषी माता मंदिर के सामने रहती हूँ। राधा-कृष्ण मंदिर में रहने वाला रघुवीर स्वामी पहले भी इसी तरह तोड़फोड़ करके कब्जा करने की कोशिश कर चुका है। उस समय भी हमने रुकवाया था। अब फिर से दुकान बनाने का काम शुरू कर दिया था, इसलिए हमने शिकायत की।” नगर निगम की ईओ निशा लखानी ने कहा कि,सुबह हमारी टीम ने जाकर उसे काम रोकने को कहा था, लेकिन उसने दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। इसके बाद टीम दोबारा पहुंची और सामग्री जब्त कर निर्माण रुकवाया। नोटिस जारी कर दिया गया है। अगर आगे फिर से काम शुरू किया गया, तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”


