भास्कर न्यूज | जामताड़ा
नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की मतगणना शुक्रवार को न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा स्थित वज्रगृह सह मतगणना केंद्र में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। मतगणना समाप्ति के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने प्रेस वार्ता आयोजित कर निर्वाचित अभ्यर्थियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता एवं परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने बताया कि जामताड़ा जिले के दोनों शहरी निकाय मिहिजाम नगर परिषद वर्ग ‘ख’ तथा जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों के लिए सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। मिहिजाम नगर परिषद के लिए 20 टेबल तथा जामताड़ा नगर पंचायत के लिए 14 टेबल लगाए गए थे। दोनों निकायों में दो चरणों (राउंड) में मतगणना प्रक्रिया पूरी की गई। उपायुक्त रवि आनंद ने निर्वाचन कार्य के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मियों एवं सुरक्षा बलों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी ने टीम भावना से कार्य करते हुए निष्पक्ष एवं स्वच्छ चुनाव संपन्न कराया।


