होली से पहले मिठाई दुकानों पर प्रशासन ने मारा छापा

भास्कर न्यूज | जामताड़ा आगामी होली पर्व 2026 को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, जामताड़ा के नेतृत्व में नारायणपुर प्रखंड स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया। निरीक्षण अभियान के दौरान मां स्वीट शॉप, निरामिष मिष्ठान भंडार तथा गुप्ता स्वीट्स की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानों में तैयार हो रही मिठाइयों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान तीनों दुकानों से विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता नहीं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के समय मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है, ऐसे में गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को तुरंत आवश्यक सुधार करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। तीन दुकानों से कुल 900 रुपए का चालान काटा गया अभियान के दौरान केवल खाद्य पदार्थों की जांच ही नहीं की गई, बल्कि कोटपा (तंबाकू नियंत्रण अधिनियम 2003) के प्रावधानों का भी पालन कराया गया। निरीक्षण में तंबाकू अधिनियम के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन दुकानों से कुल 900 रुपये का चालान काटा गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पादों के नियमों का पालन करने की भी चेतावनी दी। इस निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ अरविंद प्रसाद, निकिता मोदी, सर्बिना सिन्हा (एनटीसीपी कंसल्टेंट) तथा अमित कुमार शामिल थे। टीम ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, एक्सपायरी डेट का ध्यान रखने और ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जागरूक भी किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *