राज्य के सरकारी स्कूलों की 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं को अभी तीन से चार महीने पैदल ही स्कूल जाना होगा। निशुल्क साइकिल वितरण योजना के टेंडर और वर्क आर्डर प्रक्रिया में विलंब होने से इस बार साइकिल वितरण की प्रक्रिया बोर्ड परीक्षा के बाद ही शुरू होने की संभावना है। शिक्षा निदेशालय ने साइकिल के लिए टेंडर और वर्क आर्डर फाइनल कर दिया है। संबंधित फर्म को साइकिल आपूर्ति के लिए चार माह का समय दिया गया है। ऐसे में मार्च – अप्रैल से पहले छात्राओं को साइकिल उपलब्ध नहीं हो पाएगी। दरअसल, नया शिक्षा सत्र 2026-27 एक अप्रैल से शुरू होगा और 10वीं -12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हो जाएगी। वहीं साइकिल के पार्ट्स अभी तक जिलों में नहीं पहुंचे हैं। संबंधित फर्म की ओर से साइकिलों के पार्ट्स जिलों में पहुंचने के बाद भी इंस्टालेशन में दो माह का समय लगेगा। ऐसे में साइकिल का लाभ उन्हें अब नए सत्र में ही मिलने की संभावना है। योजना के तहत राज्य के सरकारी कॉलेज में दाखिला लेने वाली 9वीं क्लास की लगभग 3.70 लाख छात्राओं को साइकिल वितरण की जाएगी। भास्कर इनसाइट- 537 बालिकाओं को मिलेगा वाउचर छात्राओं को साइकिल योजना के स्थान पर ट्रांसपोर्ट वाउचर का लाभ देने का भी विकल्प है। स्कूल परिसर से पांच किमी परिक्षेत्र से आने वाली छात्राएं साइकिल और 5 किमी से अधिक दूरी से आने वाली छात्राएं ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना के लिए पात्र हैं। जिले में 537 छात्राओं को ट्रांसफर वाउचर योजना का लाभ दिया जाएगा। बीकानेर में 11457 छात्राओं को मिलेगी साइकिल बीकानेर जिले के सरकारी स्कूलों में दाखिला लेने वाली 11457 बालिकाएं साइकिल वितरण योजना में पात्र हैं। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक की ओर से यह संख्या शिक्षा निदेशालय भिजवा दी गई है। साइकिलों की आपूर्ति होते ही इन छात्राओं ब्लॉकवार गठित नोडल केंद्रों से साइकिल का वितरण किया जाएगा। “निशुल्क साइकिल योजना के तहत जिले में इस बार 11457 बालिकाएं पात्र हैं। साइकिल की आपूर्ति होते ही वितरण शुरू कर दिया जाएगा।” -किशनदान चारण, डीईओ, माध्यमिक


