डंडई | गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड अंतर्गत तसरार पंचायत भवन के समीप राष्ट्रीय अंसारी एकता संगठन गढ़वा एवं वर्मा हॉस्पिटल पड़वा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी देव लाल करमाली, ससुराल पंचायत की मुखिया मुनिता देवी, अंसारी एकता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष फिरोज अंसारी, जिला अध्यक्ष फिरोज अंसारी, जफर इकबाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जरूरतमंद मरीजों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल करमाली ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण व जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें समय पर जांच और उचित इलाज की सुविधा मिलती है। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।इस अवसर पर मंसूर अंसारी, जमील अंसारी, शमशाद अंसारी, तोहिद अंसारी, महफूज आलम, कामिल अंसारी, अफसर अंसारी, रमेश सिंह, करार हुसैन, मुबारक अंसारी, अशोक राम सहित संगठन के कई पदाधिकारी, समाजसेवी, डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


