नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलोन में शनिवार शाम दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच दो नकाबपोश बदमाश श्यामलाल धनगर के घर में घुसे और अलमारी से 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। बदमाशों को भागते देख पीड़ित श्यामलाल के भतीजे अक्षय ने शोर मचाया। खेत पर काम कर रहे जगदीश पिता भागीरथ धनगर (40) ने अपनी मोटरसाइकिल से बदमाशों का पीछा करना शुरू किया। बदमाश ने युवक पर हमला कर फरार हो गया जगदीश बदमाशों का पीछा करते हुए हाड़ी पिपलिया स्थित एक डेरे तक पहुंचे। वहां बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जगदीश पर हमला कर दिया। डेरे के लोगों ने उन्हें घेरकर पत्थरों से वार किए, जिससे उनकी कमर और पैर में गंभीर चोटें आई और उनका पैर टूट गया। हमलावरों ने जगदीश की बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी फरार, घायल अस्पताल में भर्ती घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण और मनासा व कुकड़ेश्वर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। डायल 112 की सहायता से घायल जगदीश को मनासा शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने बताया कि पीड़ित के बयानों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी नीरज पिता नरेंद्र बाछड़ा और अक्षय पिता कवरलाल बांछड़ा सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।


