भास्कर न्यूज | सरायकेला नववर्ष-2026 के स्वागत को लेकर सरायकेला सहित आसपास के ग्रामीण इलाके भी बुधवार की मध्य रात्रि से ही उल्लास में डूबे रहे। बुधवार की मध्य रात्रि को लोगों ने कहीं सामूहिक तो, कहीं व्यक्तिगत तौर पर पटाखे चलाते हुए और नृत्य संगीत के साथ नववर्ष-2026 का स्वागत किया। वहीं, बृहस्पतिवार की सुबह से ही नववर्ष की खुशी को लेकर विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जाते रहे। इस अवसर पर कई बस्तियों में बच्चे, युवा, युवती और महिला पुरुष खाने-पीने एवं नृत्य संगीत के साथ नव वर्ष की खुशियां मनाते हुए देखे गए। वही इस अवसर पर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पिकनिक स्पॉट दुआनसाई स्थित पार्क, मिरगी चिंगडा, कुदरसाई नदी घाट, माजना नदी घाट, तितिरबिला नदी घाट, संजय नदी घाट और विजय नदी घाट भी पिकनिक आयोजकों से गुलजार रहे। इसे लेकर कोई सपरिवार तो कोई मित्र साथियों के साथ और कोई अपने सहकर्मियों के साथ सामूहिक रूप से पिकनिक स्पॉट पर जुटे। जहां नव वर्ष की खुशी के आलम में मनोरंजन और खेल के दौर चलते हुए देखे गए। जिसके बाद पिकनिक स्पॉट पर ही भोजन पकाकर सामूहिक भोजन का आनंद लिया गया। हालांकि पिकनिक स्पॉटों पर किसी भी प्रकार के सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध नहीं देखे गए। बावजूद इसके नव वर्ष के स्वागत के उमंग में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं रही है। साल के पहले दिन गुरुवार को चांडिल डैम में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। चांडिल डैम आए लोगों ने बोटिंग का आनंद लिया। साथ ही परिवार संग पकवान बनाकर नए साल का आगाज किया। वहीं, चौका के पालना डैम में भी नववर्ष पर सैलानियों की भीड़ उमड़ी। डैम की खूबसूरत वादियों के बीच पिकनिक मनाया। नववर्ष पर सैलानियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद थे। इस दौरान लोग सेल्फी लेते भी देखे गए। नववर्ष के पहला दिन पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, रांची, जमशेदपुर सहित आस-पास से काफी सैलानी पहुंचे थे। चांडिल डैम में जुटी भीड़। सरायकेला | नए साल के पहले दिन गुरुवार को गम्हरिया के विभिन्न पिकनिक स्पॉट सैलानियों से पट गए। गम्हरिया के गांजिया बराज, दोमुहानी सांपडा, कांड्रा मानीकुई में सैलानियों ने पिकनिक मनाया। लेकिन पिछले वर्षों के मुताबिक भीड़ कम थी। इस दौरान अप्रिय घटना घटित नहीं हो इसलिए सभी पिकनिक स्पॉटों पर पुलिस तैनात थी। गम्हरिया थानेदार रामचंद्र रजक दलबल के साथ बराज में सक्रिय रहे। पिकनिक स्थल पर पुलिस की सक्रियता को देख हुड़दंगी किसी प्रकार का हुड़दंग नहीं मचा पाए। पुलिस ने पिकनिक स्थल के पास रैश ड्राइविंग कर रहे छह बाइकों को पकड़ा। कुछ युवक बाइक छोड़कर भाग गए। वहीं, छह बाइक को जब्त कर तीन युवकों को पकड़ा। उन्हें देर शाम चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। थानेदार ने बताया कि रैश ड्राइविंग कर राहगीरों को प्रभावित करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।


