नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन भर्ती परीक्षा-2024 मामले में बुधवार को एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। साथ ही एफएसएल ने मानसरोवर में दो कंप्यूटर लैब को जांच कर सील किया है। मामले में अब तक 7 परीक्षा देने वाले छात्र और 8 नकल करवाने वाले बदमाश गिरफ्तार हैं। सभी रिमांड पर चल रहे हैं। मामले की जांच एडिशनल डीसीपी आलोक सिंघल के नेतृत्व में एसआईटी कर रही है। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया कि आरोपी अभ्यर्थी दीपक ख्यालिया निवासी झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। उसके द्वारा ऑनलाइन परीक्षा के दौरान उसके कंम्प्यूटर की स्क्रीन को शेयर कर पेपर सॉल्व किया जा रहा था। उसे झुंझुनूं पुलिस की सहायता से गिरफ्तार किया गया। डीसीपी ने बताया कि एफएसएल ने बुधवार को मानसरोवर स्थित वेदिक कॉलेज मानसरोवर और दा लॉरेंस मानसरोवर स्थित लैब की जांच की गई। उन्होंने बताया कि फरार दो सरगनाओं की तलाश में हरियाणा व राजस्थान के विभिन्न भागों में टीमें भेजी गई है। बदमाशों को पकड़ने के लिए हरियाणा पुलिस की भी मदद ली जा रही है। गौरतलब है कि नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन भर्ती परीक्षा-2024 की रविवार को ऑनलाइन परीक्षा थी। परीक्षा में नकल करवाने की सूचना पुलिस कमिश्नरेट व एसओजी को मिली। इसके बाद बाद कार्रवाई कर जयपुर पुलिस ने 8 और एटीएस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरोह ने नकल करवाने के लिए प्रत्येक छात्र से 50-50 हजार रुपए एडवांस लिए गए। लैब पर चल रही एफएसएल की जांच वेदिक कॉलेज मानसरोवर, आईटी इन्फ्रा आमेर, हेरिटेज लेब वैशाली, दा लॉरेंस मानसरोवर, जेएनबी करधनी, टैगोर भारती प्रताप नगर की भूमिका की एफएसएल जांच में नकल करवाना पाया गया है। अब तक ये गिरफ्तार 1. जयपुर पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया; इनमें संदीप कुमार लेब ऑनर (कॉन्टेक्टर), बलवीर, कश्मीर झांझडिय़ा (पेपर सॉल्वर सहयोग कर्ता), नीतेश, सुमित (सहयोग कर्ता), जोरावर, रूपम पचार (लाभार्थी छात्र), टिंकू उर्फ गुरुजी (कॉन्टेक्टर) और दीपक ख्यालिया हैं। 2. एसओजी ने 6 को गिरफ्तार किया इनमें छात्र मनीष कुमार, खुशीराम, नवीन सारण, अंकित कुमार के अलावा लेब संचालक प्रवीण यादव और परीक्षा केन्द्र प्रभारी मुकेश कुमार है। लैब संचालक कम्प्यूटर को अवैध रूप से रिमोट एक्सेस करके नकल करवा रहे थे।


