भास्कर न्यूज | बालोद बुधवार को छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमएससी) के जिला प्रबंधक को आवेदन सौंपकर सेल्समैन रोहित सिन्हा ने फील्ड मैनेजर पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। आवेदन के माध्यम से जिला प्रबंधक को शराब दुकान गुरूर के सेल्समैन ने जानकारी दी है कि 17 जून को शाम 5 बजे कंपनी के फील्ड मैनेजर भूपेंद्र देशमुख गुरूर दुकान पहुंचा। मुझे दुकान के पीछे बुलाकर कहा कि मैंने आपकी नौकरी बचा लिया है। आगे भी आपको नौकरी करना है तो एक लाख रुपए देना पड़ेगा। अगर पैसा नहीं दिया तो नौकरी से निकाल दिया जाएगा। वर्तमान में गुरूर के शराब दुकान के साथ आबकारी विभाग भी चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल शराब में पानी मिलावट का आरोप लगाकर विभाग की ओर से 5 कर्मचारियों को ब्लैक लिस्ट कर हटाया गया है। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि बेबुनियाद जानबूझकर साजिश के तहत फंसाकर काम से निकाला गया। उड़नदस्ता टीम के अफसरों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला ही नहीं। पैकिंग के बाद शराब की सप्लाई जिस स्थान पर हुई थी, वहां से किसी ने हटाया ही नहीं है बावजूद 5 कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। कोई कैसे सिर्फ एक घंटे में प्रमाणित कर सकता है कि शराब में पानी की मिलावट गुरूर में हुई है क्योंकि पैकिंग से लेकर सप्लाई होने तक शराब की बोतल कई स्थानों से गुजरती है।


