भास्कर न्यूज | कोण्डागांव सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बुधवार को फ़रसगांव ब्लाक के लंजोड़ा क्लस्टर में फरसगांव एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा के संबंध में पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणों की बैठक ली गई। बैठक में जैतपुरी, कोसागांव, काबोंगा सिरसीकला, कुम्हार बड़गांव, सोड़मा, सिरपुर और गुमड़ी के ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में ग्रामीणों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों, सावधानीपूर्वक एवं निर्धारित गति में वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों को हेलमेट का उपयोग करने सहित सड़क पर दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की हमेशा मदद करने के लिए सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा उस क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।


