पंचायत समिति के बाहर अवैध कब्जा:चला नगर परिषद का बुलडोजर, दुकानदारों का 10 फीट अतिक्रमण ध्वस्त

नगर परिषद चित्तौड़गढ़ ने आज इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई की। पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ के बाहर लंबे समय से दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया। नगर परिषद की अतिक्रमण टीम शाम को मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से तोड़फोड़ शुरू की। इस दौरान कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और नगर परिषद कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई। परिषद का कहना है कि यह कार्रवाई आमजन की सुविधा और शहर की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जरूरी थी। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद आज यह कदम उठाया गया। पंचायत समिति के बाहर वर्षों से दुकानदारों का फैला अतिक्रमण पंचायत समिति कार्यालय के बाहर दुकानदारों ने नाली के ऊपर और फुटपाथ पर कब्जा कर रखा था। दुकानों के आगे पक्के चबूतरे, शेड और अन्य निर्माण कर लिए गए थे। बताया गया कि नाली के ऊपर लगभग 10 फीट तक अतिरिक्त अतिक्रमण कर लिया गया था। इससे सड़क संकरी लगने लगी थी और लोगों को निकलने में परेशानी हो रही थी। पैदल चलने वालों के लिए बना फुटपाथ पूरी तरह दुकानों के कब्जे में चला गया था। स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत की थी, जिसके बाद नगर परिषद ने जांच कर कार्रवाई का निर्णय लिया। नालों पर कब्जे से जल निकासी व्यवस्था हो रही बाधित अतिक्रमण प्रभारी कमलेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदारों ने नालों को ढक कर ऊपर निर्माण कर लिया था, जिससे नाले चोक हो गए थे। बारिश के समय पानी की निकासी नहीं हो पाती थी और आसपास के इलाके में पानी भर जाता था। नाली की सामान्य चौड़ाई ढाई से तीन फीट होती है, लेकिन उसके ऊपर कब्जा कर लिया गया था। नाले के बाद भी करीब पांच फीट तक अतिक्रमण फैला हुआ था। इस वजह से सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी और गंदगी फैल रही थी, जो स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रही थी। नोटिस और समझाइश के बाद भी नहीं हटाया गया अतिक्रमण नगर परिषद की ओर से दुकानदारों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे। दो दिसंबर को लिखित नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद तीन बार मौखिक रूप से भी समझाइश की गई कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें। अधिकारियों ने दुकानदारों को पर्याप्त समय दिया, लेकिन इसके बावजूद किसी ने भी अतिक्रमण नहीं हटाया। बार-बार चेतावनी के बाद भी नियमों की अनदेखी की गई। मजबूर होकर नगर परिषद को सख्त कदम उठाना पड़ा और जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी। जेसीबी कार्रवाई से फुटपाथ और नालों को कराया मुक्त आज की कार्रवाई में शास्त्री नगर चौराहे तक फैले अतिक्रमण को हटाया गया। जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण तोड़े गए और नालों व फुटपाथ को मुक्त कराया गया। इस दौरान कई दुकानदार अपने सामान समेटते हुए नजर आए। इतना ही नहीं, कई जने तो दुकान बंद कर मौके से निकल गए। लेकिन टीम नहीं रुकी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चलती रही। नगर परिषद का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अतिक्रमण पर लगातार नजर रखी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *