सीहोर में अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि मेरे पिता स्वर्गीय रामेश्वर मिश्रा हमेशा सेवा भाव को सर्वोपरि मानते थे। उन्हीं की स्मृति में मैंने यह छोटा-सा प्रयास किया है। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। दरअसल पंडित मिश्रा गुरुवार को शहर के बड़ा बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने जिला अस्पताल के लिए मोक्ष वाहन और डीप फ्रीज दिए। पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शवों को सुरक्षित रखने और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए दो डीप फ्रीजर यूनिट और एक आधुनिक मोक्ष वाहन नगर पालिका और जिला अस्पताल को सौंपा गया है। किसी भी परिवार पर दुख का पहाड़ टूटने के समय उनकी मदद करना सबसे बड़ी सेवा है। यही मेरे पिता की सीख रही है और उसी को आगे बढ़ाने का प्रयास मैंने किया है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी संगठन मौजूद रहे। नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह ने बताया कि पंडित मिश्रा द्वारा दिए गए मोक्ष वाहन से शवों को मुक्तिधाम तक नि:शुल्क पहुंचाया जाएगा। वहीं, डीप फ्रीजर से शवों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा।


