राजस्थान के झालावाड़ में पटवारियों ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। राजस्थान पटवार संघ की ओर से 1 जनवरी से चल रहे कार्य बहिष्कार के तहत पटवारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारी पटवारियों की प्रमुख मांगों में पटवारी पद को तकनीकी घोषित कर ग्रेड पे 3600 (एल-10) करना, गिरदावरी एप में आवश्यक संशोधन करवाना और सर्वेयर की नई नियुक्तियों का विरोध शामिल है। पटवारियों का कहना है कि गिरदावरी कार्य केवल पटवारियों के माध्यम से ही किया जाना चाहिए। इसके अलावा, वर्ष 2023-24 के बजट में घोषित 1035 नए पटवार मंडलों की वित्तीय स्वीकृति अभी तक जारी नहीं की गई है। पटवारी से भू-अभिलेख निरीक्षक और भू-अभिलेख निरीक्षक से नायब तहसीलदार पद की लंबित डीपीसी का आयोजन भी उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने रैली के रूप में मिनी सचिवालय पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पटवार संघ के अनुसार, तहसील स्तर पर भी धरना-प्रदर्शन जारी है, लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हुई है।


