भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत पट्टाजैंत गांव से सटे जंगल के पास एक हाथी का शव बरामद हुआ है। हाथी पूरी तरह से लहूलुहान है। हाथी का मलद्वार और मूत्राशय फूल कर बाहर निकल गया है। मुंह से रक्तस्राव भी हुआ है। वहीं हाथी का दांत भी गायब है। प्रथम दृष्टया मौत संदिग्ध प्रतीत होती है। ग्रामीणों के अनुसार घटना 13 जनवरी की है। वन विभाग को इसकी सूचना गुरुवार को मिली। सूचना पाकर वन विभाग के फॉरेस्टर सहित अन्य अधिकारी गुरुवार रात में ही पहुंच कर मुआयना करने के बाद उच्च अधिकारियों को सूचना दी। शुक्रवार को रेंजर डीएफओ तथा डॉक्टर घटना स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के बाद डॉक्टर ने हाथी का पोस्टमार्टम करके विसरा सुरक्षित रख लिया। विसरा को जांच के लिए रांची भेजा जाएगा। मौके पर वन विभाग के अधिकारी ने कहा कि हाथी की मौत का हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा। उसके बाद शव को वहीं पर पोकलैंड से गड्ढा खोद कर दफना दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल के पास 10 से 12 हाथी डेरा जमाए हुए हैं। उसमें एक नवजात बच्चा भी है। बच्चा ठीक से चल नहीं पाता है, इसलिए हाथियों का झुंड यहीं पर डेरा जमाए बैठा है। ग्रामीणों ने बताया कि किसी हाथी की मौत इस तरह नहीं होती है। चर्चा है कि फसलों को नुकसान करने की वजह से किसी ने इसकी हत्या की है।


