भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला में विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर पति को काबू कर किया है। गुरमीत कौर निवासी गांव पूंगा ने बताया कि छोटी बेटी कश्मीर कौर (26) की शादी 7 साल पहले अवतार सिंह उर्फ काका निवासी निवासी बख्शी हरि सिंह से हुई थी। बेटी के 3 और 2 साल के दो बेटे हैं। शादी के बाद से ही अवतार सिंह और उसका परिवार बेटी को लगातार तंग परेशान करते थे। कई बार मारपीट कर घर से निकाल देते थे। एक माह पहले भी पति, सास रानी कौर और ससुर संतोष सिंह ने मारपीट कर बेटी को घर से निकाल दिया था। बाद में माफी मांगने पर फिर ससुराल भेजा गया। पीड़िता की मां ने बताया कि 9 जनवरी को वह लोहड़ी के त्योहार पर बेटी को भेंट देने ससुराल पहुंची, लेकिन वहां कश्मीर कौर मौजूद नहीं मिली। पूछने पर पति अवतार सिंह ने कि कश्मीर कौर की मौत हो चुकी है। मां को शक है कि पति, सास और ससुर ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने थाना अजनाला आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


