पति की हत्या में पत्नी के बाद दो और गिरफ्तार:बालाघाट में आरोपी साला और उसका दोस्त पकड़ाया; एक फरार

बालाघाट के लालबर्रा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक के साले विनोद मर्सकोले (20) और उसके दोस्त अभिषेक उर्फ नीलु धुर्वे (22) को रविवार को पकड़ा गया। इस मामले में पहले ही मृतक की पत्नी सरिका कुंभरे को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना 25 दिसंबर 2024 की है, जब सोनेवानी में वन विभाग के अस्थायी कर्मी और रेस्ट हाउस के चौकीदार संजय कुमरे का शव नाले के पास मिला था। जांच में खुलासा हुआ कि पति को पत्नी के चरित्र को लेकर शक था और संजय अपनी पत्नी से मारपीट करता था। इससे नाराज होकर सरिका ने अपने भाई विनोद और उसके दो दोस्तों की मदद से पति की हत्या की साजिश रची। ऐसे दिया था घटना को अंजाम 24 दिसंबर की रात को सरिका ने अपने भाई को पति की लोकेशन बताई। इसके बाद विनोद और उसके साथियों ने गमछे से संजय का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने 28 दिसंबर को सरिका को गिरफ्तार किया था। अब सिवनी जिले के बरघाट के आष्टा निवासी विनोद और मंडला जिले के बम्हनी बंजर निवासी अभिषेक को भी पकड़ लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। लालबर्रा थाना प्रभारी हेमंत नायक ने बताया है कि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *