पति, ससुर-सास पर दहेज प्रताड़ना का केस:नवविवाहिता ने लगाया मारपीट कर घर से निकालने का आरोप, पिता की जमीन बेचने का दबाव बनाया

दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। डोंगरपुर निवासी 20 वर्षीय महिला ने अपने पति, ससुर और सास पर लगातार दहेज की मांग करने और मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद गोराघाट थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 31 जनवरी 2024 को खनियाधाना निवासी शैलेष यादव से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी में पिता ने अपनी क्षमता अनुसार फ्रीज, कूलर, डबल बेड सहित अन्य घरेलू सामान दिया था। शुरुआत में ससुराल पक्ष का व्यवहार सही रहा, लेकिन करीब छह महीने बाद हालात बिगड़ने लगे। पति शैलेष यादव, ससुर कैलाश और सास प्रभा उस पर दहेज की मांग करने लगे। उनका कहना था कि शादी में नकद रुपए और सोने के गहने कम दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने दबाव डाला कि पिता की जमीन बेचकर पैसे लेकर आओ, तभी घर में इज्जत से रखा जाएगा। मारपीट और दहेज प्रताड़ना का केस
पीड़िता ने आगे बताया कि 30 सितंबर की दोपहर पति, ससुर और सास ने उसके साथ जमकर मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसने अपने मायके वालों को फोन करके पूरी घटना बताई और बस से अपने घर डोंगरपुर पहुंच गई। गोराघाट थाना प्रभारी टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *