भास्कर न्यूज| जशपुरनगर पत्थलगांव के ठाकुर शोभा सिंह कॉलेज ग्राउंड में स्कूल बस जांच शिविर का आयोजन कर द्वितीय चरण में जिले के 12 स्कूलों के कुल 48 स्कूली वाहनों की जांच की गई। वाहन जांच शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं का सुरक्षित परिवहन है। जांच शिविर के दौरान वाहनो का रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी, रोड टैक्स, वाहन चालक का लाइसेंस चेक किया गया। इसके अलावा वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं संकेतों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए वाहन चलाने के दौरान लापरवाही न करने कंडक्टर के द्वारा दरवाजे पर खड़ा न रहने स्कूल के बच्चो को सुरक्षित चढ़ाने एवं किसी भी प्रकार का नशीली पदार्थ का सेवन न करने की सख्त हिदायत दिया गया गया। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की आपराधिक कृत्य मे सम्मिलित नही होने के लिए चेतावनी दी गई। आरटीओ जशपुर के स्टाफ निलेश भगत ने स्कूली वाहनो का हेड लाईट, जाली अग्निशामक यंत्र, ब्रेक लाईट मीटर स्टेयरिंग की स्थिति टायर की स्थिति क्लच एक्सीलेटर सीट एवं हार्न की स्थिति इत्यादि को चेक किया। शिविर में बस चालक व परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।


