पन्ना पुलिस ने रेलवे प्रोजेक्ट चोरी का खुलासा किया:कंपनी इंजीनियर निकला आरोपी, 15 लाख का सामान जब्त

पन्ना पुलिस ने रेलवे प्रोजेक्ट में हुई लगभग 15 लाख रुपए की चोरी का खुलासा किया है। देवेंद्रनगर थाना पुलिस ने इस मामले में कंपनी के इंजीनियर को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। चोरी का माल सतना के एक व्यापारी को बेचा गया था, जिसे भी पुलिस ने पकड़ा है। यह चोरी के-3 कंस्ट्रक्शन कंपनी के नागौद से खजुराहो रेलवे स्टेशन निर्माण परियोजना से संबंधित है। ग्राम फुलवारी स्थित कंपनी के स्टोर रूम में लगभग 30 लाख रुपए का इलेक्ट्रिकल सामान रखा था। फरियादी रामप्रसाद शर्मा ने देवेंद्रनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी अनुपस्थिति में स्टोर रूम से कीमती सामान गायब हो गया है और साइट पर तैनात इंजीनियर अंकित माथुर भी लापता है। भोपाल का है आरोपी इंजीनियर पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भोपाल निवासी इंजीनियर अंकित माथुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में अंकित माथुर ने चोरी की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि चोरी का सामान सतना जिले के नागौद निवासी राकेश गर्ग को बेचा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राकेश गर्ग को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके गोदाम से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया है। ये सामान किया जब्त पुलिस ने आरोपियों के पास से 15,17,808 रुपए का इलेक्ट्रिकल सामान जब्त किया है। इसमें केबल ड्रम, पीवीसी पाइप, जंक्शन बॉक्स और कई प्रकार के तार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, चोरी में इस्तेमाल किया गया एक छोटा पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 16,72,808 रुपए है। इस कार्रवाई में देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र सिंह, लक्ष्मी नारायण, वीर नारायण, आरक्षक बृजेंद्र रैकवार और रोहित बागरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने इस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *