पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में 24 साल के युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू होकर खेत में जा घुसा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, ग्राम पटी निवासी अजय आदिवासी (24) अपने पिता प्रकाश आदिवासी का ट्रैक्टर लेकर अजयगढ़ से उदयपुर की ओर जा रहा था। बहादुरगंज के पास उदयपुर चौराहे पर एक तीखे मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। अधिक रफ्तार के कारण ट्रैक्टर सड़क किनारे एक गेहूं के खेत में घुस गया। ड्राइवर उछलकर सड़क किनारे जा गिरा, मौत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने पर चालक अजय उछलकर सड़क किनारे पत्थर या सख्त जमीन पर जा गिरा। सिर और शरीर में गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खेत में काम कर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पीएम के लिए भेजा शव सूचना मिलने पर अजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


