पबिया| पबिया ग्राम वासियों की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति वर्ष भी चौबीस प्रहर हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस का आनंद उठाया। पूरे गांव में आध्यात्मिक माहौल बना रहा और देर रात तक हरिनाम संकीर्तन की ध्वनि गूंजती रही। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध बांग्ला पाला कीर्तन गायक जयदेव दास द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण जन्म लीला का भावपूर्ण वर्णन रहा। उन्होंने अपने मधुर गायन और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं तथा उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कीर्तन गायक जयदेव दास ने अपने उपदेश में कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, सत्य, प्रेम और करुणा का संदेश देता है।


