दक्षिण वन मंडल के तहत सानौधा थाना क्षेत्र में परसोरिया ग्राम पंचायत के अमोदा गांव में शनिवार की रात कुएं में गिरकर डूबने से तेंदुआ की मौत हो गई। रविवार की सुबह वन विभाग की टीम ने जाल डालकर तेंदुए का शव बाहर निकाला। तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर विटनरी कॉलेज भेजा गया है। दक्षिण वन मंडल में 6 दिन के दौरान तेंदुए की मौत की यह दूसरी घटना है। अमोदा निवासी दीपक लोधी रविवार सुबह अपने खेत पर फसल की सिंचाई करने के लिए पहुंचे। उन्होंने मोटर चालू कर कुएं में देखा तो तेंदुए का शव पड़ा था। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव का पंचनामा बनाकर वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही एसडीओ सागर विनीता जाटव, गढ़ाकोटा रेंजर अभिनव दिवाकर, डिप्टी रेंजर हरपाल राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वॉड टीम बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास सर्चिंग की। इसके बाद जाल की मदद से कुएं से तेंदुए का शव बाहर निकाला गया। शव का पंचनामा बनाया गया। एसडीओ विनीता जाटव ने बताया कि कुएं में तेंदुए का शव मिला है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर भेजा गया है। जांच में तेंदुए के शरीर पर चोटों के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया कुएं में गिरकर मौत होना लग रही है। हालांकि जांच रिपोर्ट के बाद हकीकत सामने आएगी।


