परासिया के वार्ड बारह बाजार चौक स्थित पवार बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर किराए के मकान में रहने वाली एक युवती के कमरे में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। फायर वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा घर जलकर खाक हो चुका था। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर का रिसाव बताया जा रहा है। आग से करीब चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, युवती पूरी तरह सुरक्षित है। युवती छाया आम्रवंशी ने बताया कि घटना के समय वह खाना बनाकर वॉशरूम गई थीं। इसी दौरान आग लग गई, जिसे देखकर उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने उसे घर के बाहर निकाल लिया, लेकिन घर का सामान जलकर खाक हो गया। गैस सिलेंडर के रिसने से आग लगने की आशंका छाया नौलाखापा जुन्नारदेव की रहने वाली हैं। वह यहां पेंचवेली कालेज में तीसरे वर्ष की छात्रा है। उसने सिलेंडर से गैस रिसने के कारण आग लगने की आशंका जताई है। आग के कारण घर में रखा अनाज, खाना बनाने के बरतन, कपडे, बिस्तर सब कुछ जलकर खाक हो गया। एक हिस्से में कपड़े की दुकान का सामान रखा था। वह भी जलकर खाक हो गया। आग से चार लाख का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया परासिया टीआई जगोतिन मसराम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय रहवासियों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक पूरा सामान जलकर खाक हो गया था। आग इतनी विकराल थी कि लपटें घर के बाहर तक दिखाई दे रही थी। युवती ने बताया कि वह चार साल से काम कर रही है। उसमे बहुत मेहनत से पैसे कमा कर सारा सामान जमा किया था। आग से सब कुछ तबाह हो गया। उसके पास अब चप्पल तक नहीं है। युवती की मदद के लिए वार्ड पार्षद पवन सूर्यवंशी ने मदद का आग्रह किया है। वहीं, पुलिस ने उसे मदद का आश्वासन दिया है।


