राजस्थान-मध्यप्रदेश बॉर्डर पर वसूली के नाके… 3 जिलों से भास्कर पड़ताल परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के घर से करोड़ों की संपत्ति मिलने के बाद चेक पोस्ट फिर से चर्चा में हैं। अवैध वसूली की शिकायतों के बाद सरकार ने जुलाई में ये चेक पोस्ट तो बंद कर दिए, पर यहां वसूली जारी है। दैनिक भास्कर ने 3 जिलों रतलाम, नीमच और बड़वानी में पड़ताल की तो सामने आया कि परिवहन विभाग के कर्मचारी चेकिंग के नाम पर ट्रकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। चालान का डर दिखाकर एक ट्रक से 500 रु. से 1000 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। कोई ड्राइवर देने से मना करता है तो उसका ट्रक 12 से 14 घंटे तक खड़ा रखा जाता है। भास्कर टीम ट्रक ड्राइवर व ट्रांसपोर्ट मालिक बनकर दो दिन सरवन चेकिंग पॉइंट (पुरानी चेक पोस्ट) पर पहुंची तो यहां चेक पॉइंट प्रभारी सुनील गौड़ समेत उनकी टीम एक्सपोज हुई। एक कर्मचारी ट्रक रोकता है, दूसरा परेशान करके रुपए मांगता है और तीसरा वसूली करता है। रिपोर्टर से चेक पॉइंट प्रभारी ने यहां तक कहा कि चेक पोस्ट बंद करने से रेवेन्यू पर असर आ रहा था। ऊपर से प्रेशर था, इसलिए चेक पॉइंट चालू किए। नियमित गाड़ियों के हर फेरे के 500 से 1000 रु. लिए जाते हैं। अन्य राज्यों की गाड़ी से वसूली 3 हजार तक होती है। पॉइंट पर मंथली प्लान भी है। सरवन चेक पॉइंट… ड्राइवर बनकर पहुंचे रिपोर्टर से खाली ट्रक के 500 रुपए लिए सरवन चेक पॉइंट पर बड़े वाहनों की लंबी कतार थी। मुंह बांधे कर्मचारी बड़ी टॉर्च लेकर दूर से ही ट्रकों को साइड में लगवा रहे थे। हमारा ट्रक भी साइड में खड़ा करवाकर कागज मांगे। मौके पर दो गाड़ी RJ12-BG2617 और एक अन्य की डीलिंग चल रही थी। RJ12-BG2617 का ड्राइवर गाड़ी छोड़ने के लिए गिड़गिड़ा रहा था। कह रहा था-सभी कागज पूरे हैं, फिर क्यों पकड़ रहे हो? रोज जा रहा हूं बाबूजी। आरटीओ वाहन MP09-WE7400 में बैठा अफसर बोला- कल मिलकर गए तो 500 रु. का टोकन लेना पड़ेगा। फिर आगे जाने देंगे। कागज लाओ पहले। हमने गाड़ी नंबर GJ16-AW6751 बताया। अफसर बोला 700 रु. लगेंगे। गाड़ी खाली होने का हवाला दिया तो अफसर ने कहा- उससे हमें मतलब नहीं है। अंतत: 500 रुपए लेकर गाड़ी छोड़ी। प्रदेश में 45 चेक पॉइंट… सेटिंग हो गई तो फोन लगाकर ट्रक का नंबर बताओ, नहीं रोकेंगे सरवन चेक पॉइंट (रतलाम)… प्रभारी बोला- रेवेन्यू पर असर हुआ, प्रेशर था इसलिए चालू किया रिपोर्टर (ट्रांसपोर्टर बनकर)- हमारी गाड़ी सप्ताह में 2-3 बार निकल रही है। एंट्री ले रहे हैं।
प्रभारी- कहां की गाड़ी है (हमने बांसवाड़ा की बताई।)
रिपोर्टर- देख लो साहब, पहले तो हो जाता था।
प्रभारी- आप गोपालजी से बात कर नंबर नोट करवा दो।
रिपोर्टर- बंद हो गया चेक पोस्ट?
प्रभारी- हां, अब यह चेकिंग पॉइंट चालू किया है। यह फिक्स है। रेवेन्यू पर असर आ रहा है इसलिए चालू किया है। प्रेशर था।(हमें कागज भी दिखाया)
रिपेार्टर- मेरे ड्राइवर एक रेट नहीं बताते साहब। रात को खाली गाड़ी के 500 तो कभी 700 बता दिए।
प्रभारी- हां, मनमाना बताते हैं वह तो। आप तो गोपाल को बता दिया करो, गाड़ी आए तो। (पास ही मौजूद गोपाल ने कहा हां मुझे बता देना गाड़ियों के नंबर)
रिपोर्टर- अलग-अलग गाड़ी का रेट पता चल जाता तो अच्छा होता।
(प्रभारी, चौकी के अंदर से ड्राइवर अमजद खान को लेकर आए।) नयागांव चेक पॉइंट (नीमच)… कागज फिट थे तो गाड़ी की हाइट बताकर 10 हजार मांगे ड्राइवर कालूराम जाट के 22 पहिए के ट्रक की क्षमता 57.7 टन है। 56.4 टन माल भरा है। गाड़ी की ऊंचाई 12 फीट है। चेकिंग पॉइंट पर आरटीओ के कर्मचारियों ने रोका।
आरटीओ कर्मचारी : ड्राइवर कौन है? सिर्फ ड्राइवर आ जाओ।
रिपोर्टर : मालिक तो मैं हूं सर।
कर्मचारी : गाड़ी का क्या लोड है?
ड्राइवर : अंडर लोड है।
कर्मचारी : गाड़ी की हाइट भी (ज्यादा) है यार।
ड्राइवर : सर हाइट ज्यादा नहीं है। 12 फीट ही है। नपवा लो?
कर्मचारी : गाड़ी नपेगी तो चालान बनेगा। देख लो क्या करना?
रिपोर्टर : डॉक्यूमेंट देख लो?
कर्मचारी : वो नीली शर्ट वाला हमारा आदमी है, उनसे जाकर मिलो। कागज मुझे दो।
रिपोर्टर (नीली शर्ट वाले से) : एक गाड़ी है साहब ने भेजा है।
कर्मचारी : हाइट ज्यादा है तो 5 या 10 हजार का चालान बनवा लो।
रिपोर्टर : सर इतना पैसा नहीं है।
कर्मचारी : ठीक है एक हजार रुपए लगेंगे। सेंधवा चेक पॉइंट (बड़वानी)… आरटीओ कर्मचारी ने अकेले बुलाकर रुपए मांगे भास्कर रिपोर्टर नीमच के नयागांव चेक पोस्ट से महाराष्ट्र जाने वाले ट्रक में बैठा। करीब 8 बजे यह ट्रक सेंधवा के पुराने चेक पोस्ट पर पहुंचा। टचेक पोस्ट पर MP09DK9799 नंबर की आरटीओ की गाड़ी खड़ी थी। यहां 3 से 4 कर्मचारी तैनात रहते हैं, जो जांच के नाम ट्रकों को रोकते हैं। इसके बाद 200 मीटर दूर चेकिंग पॉइंट पर बुलाते हैं। इसके बाद उसे 5 या 10 हजार का चालान बनवाने के लिए धमकी देते हैं। जब ड्राइवर चालान बनाने को राजी नहीं हुआ तो आरटीओ की महिला कर्मचारी ने 1 हजार रुपए मांगे। रुपए देने के बाद उसे जाने दिया। परिवहन मंत्री बोले- बिल्कुल बात नहीं करना अवैध वसूली के मामले में मंत्री से लेकर अधिकारी तक बात करने को तैयार नहीं है। परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह से चर्चा करने की कोशिश की तो उन्होंने सवाल नहीं सुना। बात करने से ही मना कर दिया। परिवहन आयुक्त डीपी गुप्ता ने फोन तक नहीं उठाया। रतलाम डीटीओ बोले- चेक पॉइंट सरकार के आदेश से चालू किए सरवन रोड पर चेक पाॅइंट बनाया है?
दीपक कुमार माझी, डीटीओ, रतलाम- हां, चेक पोस्ट की जगह चेक पाॅइंट चालू कर दिए हैं। सरकार के आदेश से किया है।
चेक पाॅइंट पर 1000 रु. तक वसूल रहे?
जवाब- मामला मेरी जानकारी में नहीं है। स्टाफ कुछ दिन पहले ही चेंज हुआ है वहां पर, इससे पहले दूसरा स्टाफ था।


