ब्रजनगर में नवगठित ग्राम पंचायत पाटका के परिसीमन को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। बनैनी खुवाजु-रत्ना (धुंधलकाबास) क्षेत्र के निवासियों ने उपखण्ड निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम दुर्गाप्रसाद मीणा को ज्ञापन सौंपकर परिसीमन में सुधार की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें पहले परिसीमन के तहत ग्राम पंचायत पाटका में शामिल किया गया था। हालांकि, अब उनके मतों को कथित तौर पर गलत तरीके से ग्राम पंचायत उड़की दल्ला में जोड़ा जा रहा है। इस बदलाव से उनकी प्रशासनिक पहचान प्रभावित होने के साथ-साथ भविष्य के विकास कार्यों और जनप्रतिनिधित्व पर भी नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने उपखण्ड निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि उनके मतों को उड़की दल्ला से हटाकर वापस ग्राम पंचायत पाटका में शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को न्याय मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस त्रुटि में सुधार नहीं किया गया, तो वे आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में सद्याम खान, बकाल खान, हमीद खान, उसजान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


