बसंत पंचमी पर पथ संचलन व शोभायात्रा:कांकरोली में गूंजे मंगल गीत, नाथद्वारा में विद्यार्थियों ने दिया एकता का संदेश

राजसमंद जिले में बुधवार को बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों ने उत्सव को खास बना दिया। कांकरोली में ठाकुरजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, वहीं नाथद्वारा में बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने अनुशासित पथ संचलन कर अनेकता में एकता का संदेश दिया। कांकरोली में ठाकुरजी की शोभायात्रा कांकरोली में श्री नामदेव छीपा समाज आम मेवाड़ चौखला संस्था क्षेत्र आकोला एवं श्री नामदेव (गहलोत) छीपा समाज समिति के संयुक्त तत्वावधान में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नामदेव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ ठाकुरजी की शोभायात्रा रवाना हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर लाल चुनरी ओढ़े मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, जबकि पुरुष पारंपरिक सफेद कुर्ता-पायजामा में अनुशासनबद्ध तरीके से साथ चल रहे थे। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विधायक दीप्ति माहेश्वरी भी रहीं शामिल शोभायात्रा के दौरान विधायक दीप्ति माहेश्वरी भी शामिल हुईं। उन्होंने ठाकुरजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और समाजजनों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। नाथद्वारा में छात्रों का पथ संचलन इधर, नाथद्वारा में बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर विद्या निकेतन माध्यमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नगर में पथ संचलन निकाला। पथ संचलन नई हवेली स्थित स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर कुम्हारवाड़ा, दिल्ली बाजार, चौपाटी, सर्राफा बाजार और नई हवेली चौक सहित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः स्कूल परिसर में संपन्न हुआ। झांकियों ने खींचा ध्यान पथ संचलन में छात्र सुभाष चंद्र बोस, महाराणा प्रताप, भारत माता, झांसी की रानी, हाड़ा रानी सहित स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी आकर्षक झांकियों के रूप में सजे नजर आए। विद्यार्थियों का अनुशासन, देशभक्ति के नारे और पारंपरिक वेशभूषा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। बसंत पंचमी के अवसर पर जिलेभर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं भक्ति गीतों की गूंज थी तो कहीं देशभक्ति के नारों से वातावरण ओतप्रोत नजर आया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *