प्रतापगढ़ जिले में पवन ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाकर की जा रही चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। धमोत्तर पुलिस ने कॉपर केबल चोरी और सुरक्षा गार्डों से मारपीट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में तथा थानाधिकारी घीसूलाल के नेतृत्व में की गई। घटना 18 नवंबर की रात की है, जब धमोत्तर थाना क्षेत्र के ग्राम चुनाघाटी स्थित लोकेशन नंबर 18 विंडमील पर अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला। सुरक्षा में तैनात गार्डों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया गया। इसके बाद बदमाशों ने पंखे के अंदर लगी कीमती कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली। सिक्योरिटी वाहनों पर पथराव और पैनल से तोड़फोड़ वारदात के दौरान मौके पर पहुंची सिक्योरिटी टीम के वाहनों पर आरोपियों ने पत्थरबाजी की, जिससे गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। बदमाशों ने स्टेशन पर लगे पावर पैनल में भी तोड़फोड़ कर भारी क्षति पहुंचाई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी और साइबर इनपुट से खुला मामला घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। कई स्थानों पर दबिश देने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। मध्यप्रदेश का आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने भुरालाल पिता सुरजमल डिंडोर निवासी रामपुरिया, थाना बड़ी सरवन, जिला अलीराजपुर (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ बोलेरो वाहन (एमपी 40 टी 0725) से आकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही चोरी किए गए कॉपर केबल और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


