पश्चिमी विक्षोभ से सर्दी ने लिया यू-टर्न, ठिठुरन बढ़ी, अब 5 दिन ऐसा ही मौसम

भास्कर संवाददाता। बांसवाड़ा राजस्थान में गुरुवार से सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते सर्दी ने एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। बुधवार रात से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार सुबह से ही बांसवाड़ा में आसमान में हल्के बादल छाए रहे और वातावरण में धुंध बनी रही। दिनभर धूप मद्धम रहने से लोगों को ठंडक का अहसास होता रहा। धुंध का सबसे अधिक असर माही डैम के बैकवाटर क्षेत्र में देखने को मिला। यहां स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल चाचा कोटा पर सुबह से ही धुंध छाई रही। ठंडे और सुहावने मौसम के बीच स्थानीय पर्यटकों ने प्राकृतिक नजारों का जमकर आनंद लिया। स्थानीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बोरवट के एग्रोमेट्री विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिन तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिलों में मौसम में बदलाव रहेगा। दिनभर बादल छाए रहेंगे, हवा चलेगी और धुंध बनी रहेगी, हालांकि बारिश की संभावना कम है। हवा में बढ़ी ठंडक के चलते दिन और रात के तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 और 28 जनवरी को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से सर्दी में और बढ़ोतरी होने के साथ ही बारिश की संभावना भी बनी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *