पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस ने हथियार तस्करी के मामले में एक और अपराधी को गिरफ्तार किया है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने शंकर बिरूवा नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उसके पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। शंकर बिरूवा मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ालागड़ा का रहने वाला है। वह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तांबो बोदरा चौक के पास किराए के मकान में रह रहा था। दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था इससे पहले पुलिस ने शारदा गांव के पास नेशनल हाईवे 75 ई से दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। चाईबासा के एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद शंकर बिरूवा का नाम सामने आया था। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपियों ने शंकर बिरूवा से ही हथियार खरीदा था। शंकर के पास से भी उसी मॉडल का देशी पिस्टल बरामद हुआ है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी शंकर बिरूवा को न्यायिक हिरासत में भेजा है।


