भास्कर न्यूज| चाईबासा नोवामुंडी में भाजपा और विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा निहत्थे, निर्दोष पर्यटकों की नृशंस हत्या के विरोध में एक जनाक्रोश सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पाकिस्तान का पुतला दहन कर जनता ने शोक और आक्रोश व्यक्त किया। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा, मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप, विहिप के निलेश ठक्कर सहित कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गीता कोड़ा ने कहा कि पहलगाम की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। निर्दोष पर्यटकों की हत्या मानवता पर हमला है। पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों को अब यह समझ लेना चाहिए कि भारत चुप नहीं बैठेगा। अब जवाब कठोर कार्रवाई से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के इस कैंसर को जड़ से खत्म करने के लिए पूरे देश को एकजुट होना होगा। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी की पति, किसी की पिता, किसी का भाई और किसी का बेटा भले मरा है, लेकिन दुखित पूरा भारतवासी है। यह केवल कुछ परिवारों की नहीं, पूरे देश की पीड़ा है। अब यह पीड़ा, यह आक्रोश आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का स्वरूप लेगा।


