पहल: सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर का महिलाओं ने लाभ उठाया

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर/चरचा कॉलरी एसईसीएल के अंतर्गत चरचा कॉलरी स्थित रीजनल हॉस्पिटल में सौम्या महिला मंडल के तत्वावधान में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सौम्या महिला मंडल की अध्यक्ष पूनम झा रहीं। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय सिंह ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर आज के समय में गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनता जा रहा है। हमारे देश में हर वर्ष लगभग 15 लाख नए कैंसर के मरीज सामने आते हैं, जिनमें से लगभग सवा लाख महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित होती हैं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, जागरूकता और टीकाकरण से इस बीमारी की रोकथाम संभव है। डॉ. सिंह ने जनजागरूकता अभियान की जरूरत पर बल देते हुए लोगों से स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण को अपनाने की अपील की। सौम्या महिला मंडल की अध्यक्ष पूनम झा ने शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित कर कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा ही परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस तरह के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। शिविर के सफल आयोजन में सौम्या महिला मंडल की सदस्यों और चिकित्सा दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान आए हुए नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना कर कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी हैं। यह पहल न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *