भास्कर न्यूज|गिरिडीह गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र में चोरों के आतंक ने शहरवासियों की नींद उड़ा दी है। इस बार चोरों ने शहर की हृदयस्थली कालीबाड़ी चौक पर स्थित तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ धावा बोलकर 7 लाख नकद सहित करीब आठ लाख की संपत्ति चोरी कर ली। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्रवेश के लिए चोरों ने न सिर्फ पीछे के रास्ते का इस्तेमाल किया है, बल्कि पांच मंजिला बिल्डिंग पर चढ़कर लोहे के गेट को गैस कटर से काटा और सीढ़ी से नीचे पूरी दुकान व काउंटर को खंगाला। इसके बाद एक छत से दूसरी छत पर पहुंचा और एक-एक कर तीन दुकानें क्रमश: गोविंद टेक्सटाइल्स, आरसी ट्रेंड्स और केके फैशन से नकदी व कीमती सामान उड़ा िलए। बता दें िक गिरिडीह नगर थाना की पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी शहर के बड़ा चौक, काली बाड़ी चौक नटराज चौक हूटर बजाते हुए रात में पेट्रोलिंग करती है, लेकिन बीच शहर में चोरों ने इस बड़ी घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। गिरिडीह शहरी व आसपास क्षेत्र के मोहल्लों, टोलों मंे बंद घरों में ताला तोड़ चोरी तो आम हो चुकी है, लेकिन सोमवार देर रात में एक साथ तीन प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की वारदात से शहरवासियों में दहशत है। हालांकि, घटना की सूचना के साथ ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल बल के साथ फॉरेंसिक टीम लेकर पहुंचे और तीनों प्रतिष्ठानों का जायजा लिया। कहा, जल्द खुलासा होगा। जांच करती फॉरेंसिक टीम। सभी सीसीटीवी कैमरे थे बंद सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की तलाश की गई। पता चला कि सारे सीसीटीवी कैमरे रात में बंद थे। प्रतिष्ठान संचालकों की दलील रही कि शॉटसर्किट से आग लगने की आशंका होती है, इसलिए रात में दुकान बढ़ाने के साथ कैमरे भी बंद कर देते हैं। ऐसे में नगर थाना की पुलिस को छानबीन में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। कैमरा बंद किए जाने के सवाल पर थाना प्रभारी ने प्रतिष्ठान संचालकों को फटकार भी लगाई और सारे लोगों को कैमरा ऑन रखने को कहा है। सुबह दुकान खोलने पर घटना का पता चला नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी चौक स्थित गोविंद टेक्सटाइल्स, आरसी ट्रेंड्स और केके फैशन के संचालकों से िमली जानकारी के अनुसार गोविंद टेक्सटाइल्स से 5 लाख 55 हजार रुपए, आरसी ट्रेंड्स से 55 हजार रुपए व 12 चांदी के सिक्के तथा केके फैशन से 1 लाख रुपए नकद की चोरी हुई है। तीनों दुकानों के संचालक गोविंद सिंघानिया, बिभूर विशाखा और मो. आसिफ ने संयुक्त रूप से मंगलवार को नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। दुकान संचालकों ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह सोमवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर कैश काउंटर टूटे हुए मिले और सामान बिखरा पड़ा था। बाद में पता चला कि पांचवीं मंजिला इमारत की छत का दरवाजा कटर से काटा गया था और उधर से ही चोरों ने दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद एक-एक कर आपस में सटी तीनों दुकानों को िनशाना बनाया। तीन दुकानों में चोरी के बाद श्री श्याम टेक्सटाइल्स की छत का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हुए।


