नागौर की सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कामयाबी हासिल की है। एसपी नारायण टोगस ने बताया कि सदर थानाधिकारी सुरेश कुमार कस्वां और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1 मादक पदार्थ तस्कर व फर्जी सिम उपलब्ध करवाने वाले 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। बता दें कि 10 व 11 दिसंबर की दरम्यानी रात को तस्करों के बीच भिड़ंत हुई थी। इसके बाद तस्कर दुर्घटनाग्रस्त 2 गाड़ियां मौके पर छोड़कर भाग गए थे। सदर थानाधिकारी सीआई सुरेश कस्वां ने बताया गुड़ा भगवानदास रोड पर हुई वारदात में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त व चोरी की सफारी गाड़ी में परिवहन करने वाला तस्कर नरेंद्रसिंह व तस्करों को फर्जी मोबाइल सिम उपलब्ध करवाने वाले आरोपी जुगल किशोर को गिरफ्तार किया है। वारदात के समय दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व कार में 2 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे मिले थे, जिनमें 32.095 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था। पांचौड़ी थाना क्षेत्र में हुई वारदात की जांच सदर थाना पुलिस को सौंपी गई थी। में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान सदर को दिया गया। सदर थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में तस्कर नरेंद्र सिंह के साथ पकड़ा गया आरोपी जुगलकिशोर लोगों के डबल फिंगरप्रिंट लेकर फर्जी सिम सप्लाई करता था। गौरतलब है कि गुढ़ा भगवानदास में 10-11 दिसंबर की दरम्यानी रात अवैध डोडा पोस्त लूटने के लिए तस्करों के बीच गैंगवार हो गई थी। डोडा पोस्त लूटने के चक्कर में तस्करों की गाड़ियां भिड़ गई थीं। पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के साथ मोबाइल बरामद हुए थे, इन्हीं मोबाइलों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।


