भास्कर संवाददाता | बड़वानी रविवार को निकाय क्षेत्र अंतर्गत शहर की 6 टंकियों, इंटेकवेल व फिल्टर प्लांट का निरीक्षण अफसरों ने किया। निरीक्षण में संबंधित टंकियों व आसपास की नियमित रूप से सफाई कराने की बात कही। इंटेकवेल पर पानी को स्वच्छ रखने के लिए ब्लीचिंग/क्लोरीनीकरण करने के निर्देश दिए। सीएमओ सोनाली शर्मा, सहा. यंत्री पुष्पराज अजनारे, जल वितरण प्रभारी अनिल जोशी ने निरीक्षण कर निर्देश दिए। शहर में चल रहे सीवरेज निर्माण काम का भी निरीक्षण किया। इसमें संबंधित ठेकेदार से कहा पेयजल पाइप लाइन को ध्यान रखते हुए काम करें। वॉल्व मैन को आदेश दिए कि अपने क्षेत्र में होने वाले लीकेज या किसी कारणवश गंदे पानी की कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसे तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करें। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बड़वानी में पेयजल परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में जाकर पानी की गुणवत्ता की जांच कराई। नगर पालिका बड़वानी ने आम जनता से जल जनित बीमारियों से बचाव की अपील की है। उन्होंने कहा नपा बड़वानी क्षेत्र के वार्डों के लोग हमेशा उबला हुआ पानी पिएं। इसके अतिरिक्त 20 लीटर व 1 बाल्टी पानी में 500 एमजी की क्लोरिन गोली का इस्तेमाल करें। पेयजल स्रोतों के आसपास गंदगी ना करें और ना ही कचरा फेंके। पेयजल के स्त्रोतो को स्वच्छ बनाये रखे ताकि पानी दूषित ना हो। नगर पालिका क अंतर्गत किसी भी वार्ड में गंदा पानी/अस्वच्छ पानी आने की जानकारी संबंधित नपा परिषद कार्यालय या प्रभारी मुन्नालाल चौहान 8719017235 व जल वितरण प्रभारी अनिल जोशी 9993677513 को तुरंत दें।


