भास्कर न्यूज | तमता भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत रविवार को पत्थलगांव विधानसभा स्तरीय कार्यशाला का आयोजन ग्राम पंचायत तमता में किया गया। मुख्य वक्ता पत्थलगांव विधायक गोमती साय और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सरगुजा संभाग) के अध्यक्ष राम किशुन रहे। कार्यशाला के दौरान विधायक गोमती साय ने एसआईआर अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल मतदाता सूची शुद्धिकरण की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पार्टी संगठन की नींव को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर फर्जी नामों को हटाना और पात्र व्यक्तियों को सूची में जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यशाला में मतदाता सूची शुद्धिकरण पर विशेष जोर दिया गया। बूथ अध्यक्षों, बीएल-2 और मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को तकनीकी और रणनीतिक प्रशिक्षण देकर यह बताया कि किस प्रकार घर-घर जाकर सत्यापन किया जाए और संगठनात्मक स्तर पर सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। कार्यशाला में विधानसभा के आठों मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री उपस्थित रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से शामिल होने वाले नेताओं में जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अनिल अग्रवाल, शहर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, लुड़ेग तमता मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, गणेश जैन, सुदाम पंडा, प्रतीक सिंह और रोशन प्रताप सिंह शामिल थे।


