पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन उपखंड के वाडिया गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अज्ञात कारणों से एक पशुपालक के बाड़े में अचानक आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हो गया। इस हादसे में खूंटे से बंधे दो पशुओं की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाड़े में रखा चारा और लकड़ियां भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाडिया गांव निवासी लालाराम मेघवाल के बाड़े में रविवार को अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बाड़े में रखा करीब दो ट्रॉली चारा व लकड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से वहां खूंटे से बंधे दो पशु बाहर नहीं निकल सके और दर्दनाक रूप से जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पशुपालक के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दोनों पशुओं की जान जा चुकी थी। इस घटना से पशुपालक को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक आघात भी पहुंचा।


