ब्यावर में पेंशनरों को दवाइयां नहीं मिलने के विरोध में सोमवार को पेंशनर समाज ब्यावर ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के सदस्यों ने अजमेरी गेट स्थित सुभाष सर्किल से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल जुलूस निकाला और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जुलूस के दौरान पेंशनरों ने “पेंशनरों को दवाइयां दो”, “बीएनके भंडारों को भुगतान दो” और “बुढ़ापे में दवाइयां जरूरी हैं” जैसे नारे लगाए। जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष नारायण सिंह पंवार ने बताया कि पिछले सात दिनों से अमृतकौर अस्पताल के सामने स्थित बीएनके उपभोक्ता भंडार की तीनों दुकानों पर पेंशनरों को दवाइयां उपलब्ध नहीं हो रही हैं। इससे वृद्ध पेंशनरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंवार ने जानकारी दी कि बीएनके उपभोक्ता भंडार के महाप्रबंधक यशपाल सिंह चारण से बातचीत में पता चला है कि 15 जनवरी 2026 तक भंडार पर लगभग 7 करोड़ 26 लाख रुपए का बकाया था, जो अब बढ़कर 8 से 9 करोड़ रुपये के बीच पहुंच गया है। भुगतान नहीं होने के कारण होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन ब्यावर ने बीएनके भंडार को उधार दवाइयां देने से इनकार कर दिया है। पेंशनर समाज ने यह भी मांग की कि पिछले दो वर्षों से पेंशनरों को प्रोटीन, विटामिन, कैल्शियम और आयरन जैसी दवाइयां नहीं दी जा रही हैं। वर्तमान में 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के लिए वर्ष में इन दवाइयों की सीमा केवल 3000 रुपए तय की गई है, जिसे अनुचित बताया गया। समाज ने सभी उम्र और राशि संबंधी प्रतिबंध हटाकर चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पेंशनरों को निरंतर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग की। इस जुलूस एवं ज्ञापन कार्यक्रम में गणपत सिंह मुग्धेश मुख्य सलाहकार, सत्यनारायण सांखला मुख्य संरक्षक, गुलाम सरवर वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हेमंत दीक्षित जिला मंत्री, कूंपाराम जोधावत प्रधान कोषाध्यक्ष सहित भंवरलाल पलासिया, उमसिंह रावत, ओमप्रकाश अग्रवाल, रुघा सिंह पंवार, मदनलाल अग्रवाल, हरिसिंह काबरा, हरकरण जलवानिया, महेंद्र कुमार चौहान, अटल बिहारी दाधीच, बद्रीनारायण गहलोत, नरेंद्र कुमार शर्मा, रामचंद्र गोस्वामी, त्रिलोक सिंह सरावत, धर्मचंद शर्मा, मोहम्मद खान, मिश्री काठात, पुनाराम प्रजापति, देवकीनंदन शर्मा, अलादीन काठात सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।


