केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को अशोकनगर के पिपरई पहुंचे। उन्होंने यहां 32 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ‘सांदीपनि सीएम राइज स्कूल’ का उद्घाटन किया। उन्होंने चंदेरी में शिशु मंदिर का उद्घाटन किया। साथ ही माधव महाविद्यालय में अपने पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण कर नई माधव साइंस कॉलेज बिल्डिंग का लोकार्पण किया। सिंधिया ने कहा कि यह विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव के बच्चों के सपनों और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। पिपरई का यह स्कूल ग्रामीण बच्चों को महानगरों के समान संसाधन और अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इन स्कूलों का नाम ‘सांदीपनि’ रखने को सार्थक बताया, क्योंकि महर्षि सांदीपनि भगवान श्रीकृष्ण के गुरु थे। सिंधिया ने बताया कि 32 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाला यह परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान, गणित और भाषा के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं तथा नवीन शिक्षण संसाधन उपलब्ध होंगे। व्यावसायिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थी तकनीकी और व्यावहारिक कौशल प्राप्त कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकें। पूर्व, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने चंदेरी में 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित शिशु मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने माधव महाविद्यालय परिसर में अपने पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया और नई माधव साइंस कॉलेज भवन का लोकार्पण भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और क्षेत्र की विरासत को सम्मान देना है। संस्कारवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना ही मकसद
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि संस्कारवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। इस विद्यालय में बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ा जाएगा, ताकि वे ज्ञान के साथ-साथ चरित्र निर्माण की भी मजबूत नींव प्राप्त कर सकें। पिछले एक दशक में भारत की शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लागू ‘नई शिक्षा नीति’ (NEP) विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी स्कूल से भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, उद्यमी और देश का नेतृत्व करने वाले कर्णधार निकलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में प्रदेश में नौनिहालों की शिक्षा को लेकर बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। आयोजन की कुछ तस्वीरें…


