फिरोजपुर रोड पर नेशनल हाइवे द्वारा बनाए गए एलिवेटेड पुल के पिलरों पर अवैध तरीके से पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ की फोटो वाली पेंटिंग करने का मामला सामने आया है। इस अवैध गतिविधि पर एनएचएआई ने कार्रवाई भी की है। इसकी पुष्टि करते हुए एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियंका मीना ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अवैध तरीके से एलिवेटेड पुल के पिलरों पर किसी सिंगर की पेंटिंग बनाई जा रही हैं। इस सूचना के बाद तुरंत वहां पर मुलाजिम पहुंचे और पेंटिंग बनाने वालों का सामान जब्त कर लिया था, जबकि पेंटिंग करने वाले वहां से फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि एनएचएआई ऐसी किसी भी गतिविधि को मंजूरी नहीं देता है, क्योंकि पिलरों पर पेंटिंग या बोर्ड लगे होने से ये हादसों कारण बनते हैं। उन्होंने ये भी पुष्टि की है कि जिस सिंगर की पेंटिंग फोटो अवैध तरीके से बनाई जा रही थी, उस पर बनती कार्रवाई करने के लिए डिप्टी कमिश्नर को लेटर जारी की जा रही है। वहीं, विभागीय तौर पर आगे की कार्रवाई एनएचएआई अलग से करेगा। इधर, देर रात को दोबारा से पेंटिंग बनाने का काम फिर शुरू कर दिया गया।


