झुंझुनूं पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिलानी में एक ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक झुंझुनूं शरद चौधरी के निर्देशन में पिलानी पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के अनुसार, आरोपी दिपन उर्फ टकला (24) को लोहारू-चिड़ावा बाईपास स्थित कल्पवृक्ष हॉस्पिटल के पास कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया गया है। दिपन भूतनाथ मंदिर के पास, वार्ड नंबर 6 का रहने वाला है और रामप्रताप नायक का पुत्र है। आरोपी पर वर्ष 2023 में पिलानी में अवैध हथियार से फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने उस पर 5,000 रुपए का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


