लुधियाना| ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन ने 26 और 27 दिसंबर 2024 को दो दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। इस संबंध में फेडरेशन के लुधियाना शाखा के प्रतिनिधियों ने लुधियाना मंडल के प्रमुख आदित्यनाथ से मुलाकात की और हड़ताल का नोटिस सौंपा। हड़ताल का मुख्य उद्देश्य कार्य जीवन संतुलन, स्टाफ की कमी, राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) में सुधार, अनुलाभ पर टैक्स और संगठनों में भेदभाव जैसी समस्याओं का समाधान करना है। फेडरेशन के अध्यक्ष रोशन लाल आर्य ने बताया कि इन मुद्दों पर बार-बार संवाद करने के बावजूद पीएनबी प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। फेडरेशन ने कर्मचारियों के स्थानांतरण और लाभों के प्रबंधन में भेदभाव का आरोप भी लगाया है। मुख्य मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, पर्याप्त भर्ती, एनपीएस के तहत पेंशन फंड मैनेजर चुनने की स्वतंत्रता, और कर्मचारियों को मिलने वाली चिकित्सा सहायता की अवधि में विस्तार शामिल है। फेडरेशन ने बैंकिंग परिचालन में आने वाली समस्याओं के बारे में सरकार और पीएनबी प्रबंधन से शीघ्र समाधान की अपील की है।


